October 27, 2021

Join With Us


कोरोना के नए वैरिएंट का खतरा बढ़ा :फिलहाल छत्तीसगढ़ में प्रभाव नहीं, पर त्योहार और आदिवासी नृत्य महोत्सव ने बढ़ाई चिंता




रायपुर | विक्की चौहान |त्योहारों के मौसम में कोरोना के नए वैरिएंट का खतरा बढ़ रहा है। पड़ोसी मध्य प्रदेश में डेल्टा प्लस से म्यूटेट होकर बने AY-4 वैरिएंट के सात मामलों की पहचान हुई है। इसे पहले से कहीं अधिक संक्रामक बताया जा रहा है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने छत्तीसगढ़ में भी सावधानी बढ़ा दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग लगातार देश भर से आ रही रिपोर्ट पर नजर रखे हुए है। इसमें नेशनल सेंटर ऑफ डिजीज कंट्रोल की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट भी एक है।

छत्तीसगढ़ में महामारी नियंत्रण के संचालक डॉ. सुभाष मिश्रा का कहना है, "वायरस में म्यूटेशन सामान्य प्रक्रिया है। इस प्रक्रिया में वह कभी पहले से अधिक खतरनाक हो जाता है और कभी-कभी पहले से बेहद कमजोर। नियमित रूप से यहां से रैंडम सैंपल विशाखापट्‌टनम की लैब में भेजे जाते हैं। वे अपनी रिपोर्ट नेशनल सेंटर ऑफ डिजीज कंट्रोल को देते हैं। वहां से विश्लेषण के बाद हम तक सूचना आती है। अगर म्यूटेशन अथवा कुछ खतरे की बात दिखी तो वह रिपोर्ट हमें आगाह कर देती है। फिलहाल छत्तीसगढ़ से भेजे गए किसी नमूने में म्यूटेशन की पुष्टि नहीं हुई है।" स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया, मध्य प्रदेश में भी नए वैरिएंट के प्रभाव को लेकर कुछ खास जानकारी नहीं आई है।

ब्रिटेन में पाया गया था ऐसा ही वैरिएंट

बताया जा रहा है, कोरोना का यह वैरिएंट ब्रिटेन में पाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि यह यात्रियों के जरिए पहुंचा है। फिलहाल मध्य प्रदेश में भी इस वैरिएंट की निगरानी की जा रही है। छत्तीसगढ़ के विशेषज्ञ भी इससे जुड़ी सूचनाओं पर नजर रखे हुए हैं।

बचाव और इलाज का तरीका वही

डॉ. सुभाष मिश्रा कहते हैं, वायरस का म्यूटेशन कैसा भी हो उससे बचाव और इलाज का तरीका वही है। सभी को टीका लगवाना है। बाहर निकलते समय मास्क लगाएं, भीड़ से बचें, शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करें और हाथ को साबुन-पानी से धोते रहें अथवा सेनिटाइज करें। लक्षण दिखने पर जांच कराएं। पुष्टि होने के बाद इलाज के प्रोटोकॉल का पालन करें।

आदिवासी नृत्य महोत्सव की भी चिंता

स्वास्थ्य विभाग की चिंता राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में देश-विदेश से आ रहे लोगों को लेकर भी है। महामारी नियंत्रण के संचालक डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया, विदेशी दलों की जांच आदि की प्रक्रिया तो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ही हो चुकी है। दूसरे प्रदेशों से आ रहे कलाकारों के टीकाकरण प्रमाणपत्र की जांच हो रही है। प्रमाणपत्र नहीं होने की स्थिति में एंटीजन टेस्ट की व्यवस्था की गई है।

अभी प्रदेश भर में 249 एक्टिव केस

छत्तीसगढ़ में कोरोना की स्थिति अभी कम गंभीर दिख रही है। मंगलवार को प्रदेश भर में कोरोना के 26 नए मामलों की पुष्टि हुई। अब प्रदेश में केवल 249 एक्टिव केस हैं। सबसे अधिक 46 मरीज दुर्ग जिले में हैं। उसके बाद कोरबा 38, रायपुर 28, जांजगीर-चांपा 21 और बस्तर 20 का नंबर है।




+36
°
C
+39°
+29°
New Delhi
Wednesday, 10
See 7-Day Forecast

Advertisement









Tranding News

Get In Touch
Avatar

सोनम कौर भाटिया

प्रधान संपादक

+91 73540 77535

contact@vcannews.com

© Vcannews. All Rights Reserved. Developed by NEETWEE