मुंबई | हस्तरेखा तज्ञ विनोद जी | करवा चौथ व्रत 24 अक्टूबर 2021, दिन रविवार को रखा जाएगा। इस दिन महिलाएं पति की लंबी आयु की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। मान्यता है कि करवा चौथ व्रत करने से पति दीर्घायु और वैवाहिक जीवन खुशहाल होता है।
पूरे दिन निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को चंद्र दर्शन के बाद पूजा करके व्रत का समापन होता है। कभी-कभी कुछ जगहों पर किन्ही कारण से चांद नजर नहीं आता है। ऐसे में जब चांद नजर नहीं आए तो नीचे बताए गए उपाय महिलाएं कर सकती हैं-
- कहा जाता है कि करवा चौथ व्रत के दिन अगर आपको चांद नजर नहीं आता है तो महिलाएं अगले दिन सूर्योदय के बाद भोजन कर सकती हैं।
- मान्यता है कि करवा चौथ के दिन अगर चंद्रमा नहीं दिखाई पड़ता तो महिलाएं भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान चंद्रमा के दर्शन कर सकती हैं। चंद्रमा की पूजा करके क्षमा याचना करें और व्रत पूर्ण करें।
- ऐसा कहते हैं कि चांद न नजर आने पर चंद्रमा का आह्वान करें और विधि-विधान से पूजा करें। इसके बाद मां लक्ष्मी का ध्यान करते हुए व्रत पूर्ण करें।
- कहा जाता है कि चंद्रोदय के समय चांद निकलने की दिशा में मुख करके पूजा करें। मन ही मन मां लक्ष्मी का ध्यान लगाते हुए पति की पूजा के बाद व्रत पारण करें।
- ज्योतिष शास्त्र के अनुसार गर्भवती, बुजुर्ग और बीमार महिलाएं अगर चंद्रदर्शन नहीं कर पाती हैं तो वे बिना चंद्रदर्शन ही व्रत का पारण कर सकती हैं।
करवा चौथ 2021 शुभ मुहूर्त-
चतुर्थी तिथि प्रारंभ- 24 अक्टूबर सुबह 3 बजकर 1 मिनट से
चतुर्थी तिथि समाप्त- 25 अक्टूबर सुबह 5 बजकर 43 मिनट पर
चांद निकलने का समय- रात्रि 8 बजकर 11 मिनट पर। अलग- अलग शहरों में चांद निकलने के समय में बदलाव हो सकता है।
करवा चौथ 2021 पूजा का शुभ मुहूर्त-
24 अक्टूबर शाम को 6 बजकर 55 मिनट से रात्रि 8 बजकर 51 मिनट तक।