नई दिल्ली | न्यूज़ डेस्क | मॉनसून की विदाई के साथ ही मौसम में एक बार फिर बदलाव होने लगता है | दिन में गर्मी तो रात में ठंडक सी महसूस होती है | ये सर्दी के मौसम की आमद होती है, हालांकि ये मौसम हमारी सेहत के लिहाज से मुफीद नहीं होता है | इस मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी आती है |
इससे सर्दी, खांसी, जुखाम की समस्या आम रहती है | मौसम के इस बदलाव का जो लोग जल्दी शिकार होते हैं उन्हें अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए पंजाबी स्टाइल बेसन के शीरे का प्रयोग करना चाहिए |
बेसन का शीरा स्वादिष्ट होने के साथ ही इम्यूनिटी के लिहाज से भी अच्छा साबित हो सकता है | आज हम आपको घर पर ही पंजाबी स्टाइल का बेसन का शीरा बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं | इसे बनाने के लिए कुछ सिंपल स्टेप्स को फॉलो करना होगा जिससे आप बेहतर सेहत के साथ ही अच्छे स्वाद का भी आनंद ले सकते हैं |
बेसन शीरा बनाने की सामग्री
बेसन – 3 टेबल स्पून
देसी घी – 1 टेबल स्पून
चीनी – 2 टी स्पून
दूध – डेढ़ कप
इलायची कुटी – 1
अजवाइन – 1/4 टी स्पून
हरा धनिया
हल्दी – 1 चुटकी
शीरा बनाने की विधी
पंजाबी स्टाइल बेसन का शीरा बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसे गैस पर चढ़ा दें | जब कड़ाही गर्म हो जाए तो उसमें घी डालें | घी जब पिघलने लगे तो उसमें बेसन डाल दें | इस दौरान गैस की फ्लेम को धीमी रहने दें |
अब बेसन को तब तक सेकें जब तक कि उसका कलर लाइट ब्राउन न हो जाए | जब आप बेसन को सेकेंगे तो कुछ वक्त बाद उसमें से खुशबू आने लगेगी | जब बेसन खुशबू देने लगे तो उसमें इलायची, गुड़, अजवाइन और हल्दी डाल दें | इसे अच्छी तरह से मिला दें |
इसके बाद बेसन में दूध डाल दें और उसे अच्छी तरह से चलाते हुए घोलें | ध्यान रहे कि शीरा बनाते वक्त दूध डालने के बाद करछी से लगातार चलाते रहें, वर्ना बेसन में गांठें पड़ सकती हैं | अगर गाठें पड़ जाएंगी तो शीरे का स्वाद बिगड़ जाएगा | अब इसे लगभग 5 मिनट तक अच्छी तरह से उबाल लें |
आखिर में बेसन के शीरे में कटा हुआ ताजा हरा धनिया ऊपर से डाल दें | अब आपके द्वारा तैयार गर्मागर्म बेसन का शीरा सर्व करने के लिए तैयार हो चुका है | बदलते मौसम में हर रोज स्वाद से भरपूर इस शीरे का सेवन करने से सेहत को भी फायदा होगा |