रायपुर । विक्की चौहान। रामकुंड इलाके में आमातालाब के आसपास के कई मंदिरों के देव प्रतिमाओं से मुकुट समेत चांदी के अन्य गहने चोरी होने की सूचना आजाद चौक थाने में दी गई है। घटना शुक्रवार दोपहर की बताई गई है। पार्षद दीपक जायसवाल के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध दिनदहाड़े इलाके में घूमते हुए मंदिर में घुसते दिखा है। हनुमान, शिव मंदिर समेत चार मंदिरों में चोरी होने की जानकारी उन्हें मिली है। चोर ने शिव मंदिर से मुकुट निकाल लिया है। हनुमानजी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करके चांदी की आंख चुराई गई है।

संदिग्ध युवक का फुटेज मिला, नशेड़ी होने की आशंका पार्षद जायसवाल के मुताबिक घटना शुक्रवार चार-पांच बजे की है। एक हनुमान मंदिर रामकुंड में वंदना ऑटो के पीछे स्थित है। दूसरा शिव मंदिर आमातालाब के पास है। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भी चोरी हुई है। शुक्रवार को थाने में सूचना देने पर एक उपनिरीक्षक जांच करने पहुंचे। शनिवार को मामले की रिपोर्ट लिखाई गई है। पार्षद ने बताया कि चोरी दिनदहाड़े हुई है।
श्रद्धालुओं के आने-जाने के कारण मंदिरों में दिन में ताला नहीं लगाया जाता है। चोरी में किसी नशेड़ी का हाथ होने की आशंका है। संदिग्ध चोर का फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है।
चोर की तलाश कर रहे
सीएसपी सीएसपी आजाद चौक अमन झा के मुताबिक चोरी की सूचना मिली है। जांच शुरू कर चुके हैं। एफआईआर शनिवार को दर्ज कराई गई है। कुछ प्रतिमाओं से चांदी के जेवर चुराए गए हैं। जल्द ही चोर का पता लग जाने की उम्मीद है।